श्रावस्ती के थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले मे पुलिस ने शनिवार और रविवार दो दिनों में घटना में शामिल दो पुरुषों और एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जून 2026 को हुई थी।वन दरोगा विकास कुमार शुक्ला अपनी टीम के साथ अण्टा-ककरदरी मार्ग पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मो. कासिम,सज्जन अली और मो. कासिम की पत्नी वहां पहुंचे और वन कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उनके सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे। जब वनकर्मियों ने इसका विरोध किया, तो तीनों आरोपी उग्र हो गए और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि मो. कासिम ने अपने हाथ में लिए चाकू से वन दरोगा की गर्दन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। हालांकि, वन कर्मियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली भिनगा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान इसमें धारा 4/25 आयुध अधिनियम भी जोड़ी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 जून को सज्जन अली और मो. कासिम की पत्नी को अण्टा तिराहे से रामपुर जब्दी की ओर जाने वाले जंगल मार्ग स्थित रेंजर मजार के पास से गिरफ्तार किया। अगले दिन, 28 जून को मुख्य आरोपी मो. कासिम को राजपुर जंगल जाने वाले नहर पुल के पास से पकड़ा। मो. कासिम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सज्जन अली (निवासी रामनगर सेमरा, थाना नवाबगंज, बहराइच), मो. कासिम की पत्नी (निवासी रामपुर जब्दी, थाना मल्हीपुर, श्रावस्ती) और मो. कासिम पुत्र गफ्फार (निवासी रामपुर जब्दी, थाना मल्हीपुर, जनपद श्रावस्ती) शामिल हैं।
श्रावस्ती में वनकर्मियों पर जानलेवा हमला:सरकारी कार्य में बाधा व धमकी देने के आरोप में 3 गिरफ्तार, बाइक व चाकू बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












