शोहरतगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर-8 निवासी मोहम्मद शफीक की बुधवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बेटे और बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे, तभी यह दुर्घटना हुई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद शफीक अपनी मोपेड से रिश्तेदारों को निमंत्रण देने जा रहे थे। हाईवे पर मड़वा के आगे एक पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक जेसीबी ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया, और शादी की तैयारियों वाले घर में चीख-पुकार मच गई। मोहम्मद शफीक अपने पीछे तीन पुत्र और पांच पुत्रियां छोड़ गए हैं। उनकी सबसे छोटी बेटी अफरोजी की शादी 14 जून को होनी थी, जबकि बेटे गुलफाम का निकाह 15 जून को तय था। दोनों शादियों की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और घर में खुशियों का माहौल था। पिता की आकस्मिक मौत से अफरोजी सदमे में हैं। उनकी आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके अब्बू हमेशा कहते थे कि वे अपनी बेटी की विदाई अपने हाथों से करेंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। वह मेरी शादी देखने से पहले ही हमें छोड़कर चले गए। वहीं, बेटे गुलफाम का भी रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने नम आंखों से कहा कि जिस पिता ने उनकी शादी की हर तैयारी की, वही खुशियों का दिन देखने से पहले दुनिया छोड़ गए। अब शादी की खुशियां नहीं, बल्कि अब्बू की यादें ही जीवनभर हमें रुलाती रहेंगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद शफीक बेहद मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वह शादी नजदीक होने के कारण खुद ही रिश्तेदारों के यहां कार्ड बांटने निकल पड़े थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। एक तरफ बेटी की डोली उठने की तैयारियां थीं, दूसरी तरफ पिता की अर्थी उठ गई। इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों से भरे घर को पलभर में गहरे मातम में बदल दिया।
शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:शोहरतगढ़ में पेट्रोल पंप के पास सामने टक्कर, सड़क हादसे में गई जान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












