परिसर में गंदगी और फाईलें अव्यवस्थित पाये जाने पर जिलाधिकारी ने जताई कड़ी नाराजगी
जिलाधिकारी ने दायित्वों के निर्वहन एवं शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने पर ग्राम सचिव को किया निलम्बित
योजनाओं के संचालन एवं निर्माण कार्यो में किसी भी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी-जिलाधिकारी

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शुक्रवार को सायंकाल विकास खण्ड सिरसिया के अन्तर्गत ग्राम पंचायत सचिवालय सिरसिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने पूरे सचिवालय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और संचालित योजनाओं के सम्बन्ध में सचिव से जानकारी ली। परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था सन्तोषजनक नहीं पायी गई तथा कार्यालय की अधिकतर पत्रावलियां अव्यवस्थित पायी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रतिदिन साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। पत्रावलियों के रख-रखाव से वित्तीय अनियमितता प्रथम दृष्टया प्रतीत पायी गई। जिलाधिकारी ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के सम्बन्ध में जानकारी ली, जिस पर पाया गया कि कुछ व्यक्तियों का जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बन गया है, परन्तु जारी नहीं किया गया है। विगत दो माह से कूड़ा उठान की गाड़ी खराब पायी गई। इसके अलावा जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में कराये जा रहे कार्यो एवं उनके टेण्डर प्रक्रिया की भी जानकारी ली। जिस पर उपस्थित सचिव द्वारा कोई भी सन्तोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के अन्तर्गत बनाये गये अन्त्येष्टि स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण में कुल लागत और क्या-क्या निर्माण कार्य कराया गया है, आदि के सम्बन्ध में जानकारी ली। जिस पर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि एवं सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि इसके अन्तर्गत अन्त्येष्टि स्थल, शोक स्थल, खड़ंजा, बाउण्ड्रीवाल आदि निर्माण कराया गया है, जिसका भुगतान कर दिया गया है। निर्माण में व्यय धनराशि के सम्बन्ध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। जिस पर जिलाधिकारी ने दायित्वों के निर्वहन एवं शासन के निर्देशों केाउल्लंघन करने पर ग्राम सचिव कृष्ण कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं के संचालन एवं निर्माण कार्यो में किसी भी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पायी गई, तो निश्चित ही सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्राम सचिव कृष्ण कुमार भारती, ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












