बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार, बाराबंकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सर्वप्रथम कारागार के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात अधिकारी द्वय ने कारागार के भीतरी परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार के कंट्रोल रूम पहुँचकर वहाँ से संचालित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया और निर्देश दिए कि कारागार की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू एवं क्रियाशील रहें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी को तत्काल दूर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बैरक, पुरुष बैरक निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कारागार में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ नियमित रूप से संचालित की जाएँ।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ भी सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर जितेंद्र सिंह सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












