महाराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वृक्षारोपण को योजनाबद्ध और प्रभावी ढंग से करने के लिए थीम आधारित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अमृत सरोवरों, मनरेगा पार्कों, खेल मैदानों और ग्रामीण स्टेडियमों में निर्धारित थीम के अनुरूप वृक्षारोपण किया जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इन स्थलों की उपयोगिता और सुंदरता बढ़ेगी। उन्होंने सड़कों के दोनों ओर एक ही प्रजाति के सजावटी पौधे लगाने को कहा, ताकि मार्ग आकर्षक और सुव्यवस्थित दिखें। प्रत्येक विभाग को अपनी साइट के लिए थीम का चयन कर उसके अनुरूप वृक्षारोपण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति के तहत वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों को समय पर तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लक्ष्य के अनुरूप वर्षा ऋतु से पहले गड्ढों की खुदाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि समयबद्ध तरीके से वृक्षारोपण किया जा सके।
जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण को आय सृजन और व्यावसायिक दृष्टि से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने फलदार और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाने तथा व्यक्तिगत वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। कार्बन क्रेडिट के माध्यम से आय अर्जित करने की संभावनाओं पर वन विभाग को कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, ‘हर मेड़ पर पेड़’ अभियान के तहत गांवों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित थीम तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभियान को समन्वित और परिणामोन्मुखी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने लोगों को पौधों से होने वाली आय के विषय में जागरूक करने तथा वृक्षारोपण अभियान को पूरी जिम्मेदारी और सफलता के साथ संपादित करने पर जोर दिया।
डीएम ने वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की:थीम आधारित वृक्षारोपण पर विशेष बल, विभागों को दिए दिशा-निर्देश
RELATED ARTICLES












