श्रावस्ती जिले के पिपरहवा जोगा ग्राम पंचायत के पिपरहवा पुरवा मजरे में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का समाधान हो गया है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव में महीनों से ठप पड़े नाली सफाई के कार्य को युद्धस्तर पर शुरू कराया। गांव में नालियों की सफाई न होने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई थी। नालियों में कूड़ा-कचरा, सिल्ट और घास-फूस जमा होने से पानी का निकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। सड़कों पर गंदा पानी जमा होने और उससे उठने वाली दुर्गंध के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। भीषण गर्मी और जलभराव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था, जिससे संक्रामक बीमारियों और महामारी फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद और संबंधित सफाई कर्मचारी की लापरवाही से परेशान होकर बुधवार सुबह ग्रामीण दैनिक भास्कर रिपोर्टर के आवास पर पहुंचे और अपनी समस्या बताई। रिपोर्टर ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल मौके का मुआयना किया और जमीनी हकीकत जानी। इसके बाद दैनिक भास्कर ने सफाई कर्मचारी देव नारायण से फोन पर बात कर जवाबदेही तय की। मीडिया के हस्तक्षेप के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और सफाईकर्मी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गया। स्थानीय निवासी महताब, हसीब खां और नन्हे ने बताया कि ग्राम प्रधान और सफाईकर्मी की घोर लापरवाही के कारण पूरा गांव नरक बन चुका था। बदबू के कारण घरों में बैठना मुश्किल था। उन्होंने दैनिक भास्कर की पहल के कारण नालियों की सफाई संभव होने पर राहत व्यक्त की। नालियों से कचरा हटाए जाने और पानी का बहाव शुरू होने पर पिपरहवा पुरवा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने जनहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और त्वरित कार्रवाई कराने के लिए दैनिक भास्कर की टीम का आभार व्यक्त किया।
पिपरहवा जोगा गांव में नाली सफाई शुरू:दैनिक भास्कर की खबर के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई, लोगों ने आभार जताया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












