इटवा के परसोहन गांव में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना के तहत निर्मित पेयजल परियोजना का उद्घाटन गुरुवार को किया गया। पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री और इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी ने फीता काटकर इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. सतीश द्विवेदी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना के माध्यम से अब प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पीने के पानी के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस योजना से गांव के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। डॉ. द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। पूर्व मंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का काम करती है। उन्होंने बताया कि सड़कें, बिजली, आवास, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव तक पहुंचाकर सरकार ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों ने पेयजल परियोजना के शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस योजना से गांव की महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक राहत मिलेगी, जिन्हें पहले दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी, संबंधित विभाग के अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिस्कोहर कुंवर मिश्रा, सभासद नृपेंद्र सिंह, अमित पांडेय, रवि सिंह, प्रधान श्याम बिहारी श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष इटवा राघवेंद्र सिंह, शिव कुमार गिरी, खेमराज यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलराम मिश्रा, सभासद सत्यनारायण दूबे, डॉ राजमणि दूबे सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
परसोहन में पेयजल परियोजना का उद्घाटन:पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने किया, हर घर पहुंचेगा स्वच्छ जल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












