Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सरयू कटान तेज, कई मकान नदी में बहे:बहराइच में दर्जनों बीघा उपजाऊ...

सरयू कटान तेज, कई मकान नदी में बहे:बहराइच में दर्जनों बीघा उपजाऊ भूमि भी समाई


बहराइच में सरयू नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने के कारण तटीय इलाकों में कटान तेज हो गया है। शिवपुर ब्लॉक के बौंडी, तिगड़ा, अंबरपुर और चौकसाहार गांवों में दर्जनों बीघा उपजाऊ भूमि नदी में समा गई है। इस कटान की चपेट में कई लोगों के मकान भी आ गए हैं। बौंडी, तिगड़ा और अंबरपुर गांवों में किसानों की कृषि भूमि तेज कटान के कारण नदी में बह गई है। चौकसाहार गांव में भी कई मकान नदी के किनारे कटान की जद में आ गए हैं। इनमें से एक मकान पूरी तरह नदी में समा चुका है, जबकि चार से पांच अन्य मकान भी कटने के कगार पर हैं। कटान की गंभीर स्थिति को देखते हुए, कई ग्रामीण अपने घरों को स्वयं तोड़कर ईंट और अन्य सामान सुरक्षित निकालने में लगे हैं। वे अपनी वर्षों की मेहनत से बनाई गई संपत्ति का कुछ हिस्सा बचाने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्रीय लेखपाल राजकुमार ने गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बताया कि चौकसाहार में एक पटवारी का मकान नदी में कट चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चार से पांच अन्य मकान भी खतरे की जद में हैं। लेखपाल के अनुसार, सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल कुछ कम हुआ है और प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। लगातार हो रहे कटान से तटीय गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कटानरोधी कार्य कराने की मांग की है, ताकि उनके घरों और खेतों को बचाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments