श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र स्थित चोरवा भारी गांव में एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा करने, फूस का मकान तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उनका कहना है कि कोतवाली में कई बार शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय का रुख किया। चोरवा भारी गांव निवासी सुभद्रा और सनोमान ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उनके फूस के मकान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों के डर से उन्हें मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। सुभद्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि गाटा संख्या 853 की भूमि उनके पुत्र ने प्रमोद कुमार सिंह से विधिवत खरीदी थी। इस भूमि का बैनामा और दाखिल-खारिज हो चुका है तथा राजस्व अभिलेखों में भी उनका नाम दर्ज है। उन्होंने दावा किया कि इसी भूमि को लेकर न्यायालय में एक वाद विचाराधीन है और न्यायालय ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश भी दिया है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष न्यायालय के आदेश की अनदेखी कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित दंपति ने प्रार्थना पत्र देकर पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग दंपति ने जमीन पर कब्जे का लगाया आरोप:श्रावस्ती में इंसाफ की तलाश में एसपी कार्यालय पहुंचा दंपति
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












