Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती के कप्तानगंज में मूसलाधार बारिश:किसानों के चेहरे खिले, धान-गन्ने की फसल...

बस्ती के कप्तानगंज में मूसलाधार बारिश:किसानों के चेहरे खिले, धान-गन्ने की फसल को वरदान

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र में रात से ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे स्थानीय किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह बारिश उनके लिए किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है। वहीं, भीषण गर्मी से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को भी इस बारिश से काफी राहत मिली है। क्षेत्र के किसान शिवकुमार ने बताया कि वे लोग काफी दिनों से बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आज लंबे अंतराल के बाद हुई यह अच्छी बारिश धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि कम बारिश के कारण अब तक किसानों को सिंचाई के लिए मोटर पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जिससे अतिरिक्त खर्च आ रहा था। किसान दिनेश ने जानकारी दी कि बुधवार रात करीब 3 बजे से बारिश शुरू हुई थी, जो लगातार जारी है। एक अन्य किसान दीनदयाल यादव ने इसे इस सीजन की अब तक की सबसे अच्छी और सबसे ज्यादा देर तक चलने वाली बारिश बताया, जिससे खेती-किसानी को नई ऊर्जा और उम्मीद मिली है। हालांकि, सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को छाता लेकर निकलना पड़ा और उन्हें भीगते हुए स्कूल पहुंचना पड़ा। इस संबंध में कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बारिश मुख्य रूप से धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि इस समय धान की रोपाई और बढ़वार के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता होती है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि गन्ने की फसल के लिए भी यह बारिश काफी लाभकारी है, जिससे उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बारिश न होने के कारण किसान चिंतित थे और खेतों की सिंचाई को लेकर परेशान थे। ऐसे में यह बारिश किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर आई है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में भी समय-समय पर इसी तरह अच्छी बारिश होती रहेगी, जिससे खरीफ सीजन की सभी फसलों को भरपूर लाभ मिलेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments