#बस्ती_न्यूज
बस्ती में पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर-लखनऊ रेलखंड पर रविवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गोविंद नगर स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास ट्रैक किनारे मिले शव की पहचान वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के निवासी अर्जुन राजभर (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गोविंद नगर स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन का टिकट बरामद हुआ। बाद में उसकी पहचान वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के छोटा बढ़या गांव निवासी अर्जुन राजभर (55) के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अर्जुन राजभर शनिवार शाम दवा लेने के लिए गोरखपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चलती ट्रेन में सफर के दौरान अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी विंदु तथा पुत्र संदीप और कुलदीप सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे












