- ऐसे मामलों के बाद इलेक्ट्रिक वाहन पर ग्राहकों का उठा भरोसा
उत्तराखंड। के रुड़की से इलेक्ट्रिक स्कूटर से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सड़क पर चलते समय एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर का चेसिस बीच से टूट गया और स्कूटर दो हिस्सों में अलग हो गया।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि स्कूटर का पिछला हिस्सा सड़क पर गिरा हुआ है, जबकि उसका अगला हिस्सा टायर और हैंडल समेत खड़ा नजर आ रहा है। पहली नजर में ऐसा लगता है कि शायद स्कूटर गिर गया हो, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चलता है कि स्कूटर का फ्रेम ही अलग हो गया है। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी साझा की और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
जानकारी के अनुसार, यह स्कूटर युवक को उसके पिता ने उपहार में दिया था। चलते वाहन में अचानक ऐसी स्थिति बनने से आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
वीडियो वायरल होने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब ग्राहक केवल बैटरी रेंज और आधुनिक फीचर्स ही नहीं, बल्कि वाहन की बॉडी स्ट्रेंथ, निर्माण गुणवत्ता और दुर्घटना के समय सुरक्षा को भी महत्व दे रहे हैं। ऐसे मामलों के बाद इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों के लिए भी सुरक्षा मानकों, डिजाइन और गुणवत्ता पर लगातार ध्यान देना जरूरी हो जाता है, ताकि ग्राहकों का भरोसा बना रहे।












