खेसरहा विकासखंड के परोई गांव में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अचानक हुई वृद्धि से ग्रामीण परेशान हैं। उनका आरोप है कि सामान्य मीटर के दौरान बिल नियमित आते थे, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ग्रामीण रणजीत सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से पहले उनके घर का बिजली बिल सामान्य रहता था। अब हर महीने अत्यधिक बिल आ रहे हैं, जिससे उनके परिवार का बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। गांव के अन्य उपभोक्ताओं ने भी स्मार्ट मीटर की रीडिंग में पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि अचानक इतनी अधिक बिजली खपत कैसे दर्ज हो रही है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त जानकारी और जागरूकता के स्मार्ट मीटर लगाए गए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। इस मामले में संबंधित एसडीओ से संपर्क करने पर उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द मीटरों की जांच कराकर सही बिलिंग सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उल्लेखनीय है कि सरकार ने स्मार्ट मीटर योजना को पारदर्शिता और सटीक बिलिंग के उद्देश्य से लागू किया था। हालांकि, परोई गांव का यह मामला योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है।
परोई गांव में स्मार्ट मीटर से बढ़ा बिजली बिल:ग्रामीण परेशान, शिकायत के बाद भी नहीं मिला समाधान
RELATED ARTICLES











