शनिवार को डुमरियागंज तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। शासन की मंशा के अनुरूप इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिससे कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा सका। समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 35 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग की आठ, विकास विभाग की दो और अन्य विभागों की पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सुनवाई के दौरान राजस्व विभाग के छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित पक्षों को राहत प्रदान की। जिलाधिकारी ने पिछले तहसील समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट और निस्तारण आख्या का भी विस्तृत परीक्षण किया। समीक्षा के दौरान कुछ मामलों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित कर स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से की जाए तथा शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों पक्षों की मौजूदगी में तथ्यों का सत्यापन कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में देरी से जनता का भरोसा प्रभावित होता है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी अधिकारी के स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायतों का तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
तहसील समाधान दिवस में डीएफओ नीला एम, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, तहसीलदार डुमरियागंज, क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा, ताकि लोगों को न्याय और राहत मिल सके।
तहसील समाधान दिवस में शिकायतों के तुरंत निस्तारण पर जोर:जिलाधिकारी ने लंबित मामलों पर जताई सख्ती, जांच के निर्देश दिए
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












