खेसरहा थाना क्षेत्र के छितही गांव में रविवार सुबह एक सांड के हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से सांड को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है। छितही गांव निवासी 48 वर्षीय गया प्रसाद पुत्र बलेसर रविवार सुबह करीब छह बजे अपने खेत में सब्जी तोड़ने गए थे। उन्होंने देखा कि एक सांड उनकी तैयार फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। जब गया प्रसाद ने सांड को खेत से भगाने का प्रयास किया, तो वह अचानक उग्र हो गया और उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले में किसान गया प्रसाद के बाएं हाथ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को भगाकर किसान की जान बचाई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह सांड लंबे समय से क्षेत्र में घूम रहा है। यह किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ राहगीरों और ग्रामीणों के लिए भी खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। गांव के रिंकू मिश्र, शम्भूनाथ, रामफेर, हितई, अखिलेश, जयराम, रामराज और सहतू सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सांड को अतिशीघ्र पकड़वाने की मांग की है।
किसान पर सांड ने किया हमला:गंभीर रूप से घायल, छितही में दहशत का माहौल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












