लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स रेजीडेंसी-2 सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।
रहवासी कमल गुप्ता और सुधा तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे पिछले 5 साल से सोसाइटी में अवैध कब्जे और बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर बात करने आरडब्ल्यूए ऑफिस गई थीं। उन्होंने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष हजारी गुप्ता से मिलने की बात कही, जिस पर सचिव आकाश अग्निहोत्री नाराज हो गया। आरोप है कि उसने आपत्तिजनक बातें कीं और अकेले में मिलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कमल गुप्ता को धक्का दे दिया गया, जिससे उनके हाथ और सिर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचीं सुधा तिवारी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उनके बाल खींचे गए और सिर लोहे की ग्रिल से टकराने की कोशिश की गई। निवासियों का यह भी दावा है कि आकाश अग्निहोत्री ने खुद को फंसता देख अपना सिर खुद ग्रिल से टकरा लिया, जिसका वीडियो भी मौजूद है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी पहले भी एक बुजुर्ग से मारपीट कर चुका है, जिसकी एफआईआर दर्ज है। दूसरी ओर आरडब्ल्यूए महामंत्री सुनील कुमार अग्निहोत्री ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ लोग मीटिंग के बहाने ऑफिस आए और बातचीत करने के बजाय मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने प्रियांक मित्तल, रूपेश तिवारी व उनकी पत्नी और विनोद चतुर्वेदी व उनकी पत्नी पर हमला करने का आरोप लगाया है।
तहरीर के मुताबिक, विनोद चतुर्वेदी ने उन्हें उठाकर बाहर पटक दिया, जबकि रूपेश तिवारी और उनकी पत्नी ने थप्पड़-चप्पल से मारा और लोहे की ग्रिल पर धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर फट गया। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दोनों पक्षों की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












