खेसरहा थाना क्षेत्र के कुर्थियां चौकी अंतर्गत छितही घोसियारी बाजार स्थित जय माता दी एचपी पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार सुबह डीजल वितरण को लेकर मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। डीजल की कमी के कारण रात से ही पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे से ही लोग डीजल न मिलने की आशंका में लाइन में खड़े थे। सुबह लगभग 9 बजे तेल वितरण शुरू हुआ। इसी दौरान, लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर पचपेड़वा निवासी हरिश्चंद्र के पुत्र और शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के टिकरी पकरिया निवासी परमहंस के पुत्र विनय मिश्रा के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया, जिससे पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कुर्थियां पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य होने के बाद डीजल वितरण फिर से शुरू किया गया। क्षेत्र में डीजल की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिससे किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धान की बुआई और खेतों की जुताई का समय होने के कारण लोग रात से ही पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं।
पेट्रोल पंप पर डीजल को लेकर मारपीट:पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












