लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकतार्ओं का उत्साह और जनता का समर्थन इस बात का संकेत है कि राज्य में फिर कमल खिलेगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या और मथुरा की धरती पर भाजपा को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को लखनऊ और प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में जो उत्साह देखने को मिला, उससे स्पष्ट है कि भाजपा का संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। अपने प्रवास के दौरान वह वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे, जहां आगामी चुनाव की रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा होगी।












