डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत बुधवार को तहसील सभागार डुमरियागंज में पांच किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रत्येक लाभार्थी परिवार को पांच-पांच लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए, जिससे कुल 25 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि दुर्घटना के बाद प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान की मृत्यु या पूर्ण शारीरिक अक्षमता की स्थिति में पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है। दोनों हाथ, दोनों पैर या दोनों आंखों की क्षति होने पर भी इतनी ही राशि प्रदान की जाती है। एक हाथ और एक पैर के नुकसान पर भी पांच लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। एक हाथ, एक पैर या एक आंख की क्षति पर ढाई लाख रुपये तथा 25 से 50 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता पर 1.25 लाख रुपये की सहायता राशि मिलती है। तहसीलदार रवि कुमार यादव ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदन प्राप्त होने के बाद राजस्व विभाग की टीम निर्धारित समय में जांच और सर्वेक्षण करती है। पात्र पाए जाने पर सहायता राशि स्वीकृत कर सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है। इस कार्यक्रम में पिपरा गोसाई निवासी लीलावती, धोबहा एहतमाली की मिन्ना, पिरैला सुल्तान के गोपाल, बिलवट की सारजहां और मैनहा के अज्ञाराम को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, लवकुश ओझा, मधुसूदन अग्रहरि, महेश चंद्र, माता प्रसाद भारती, अजय पाठक, शैलेंद्र रावत, अंकित श्रीवास्तव और बब्बू पाठक सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
5 परिवारों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता:मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत चेकवितरित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












