HomeHealth & Fitnessचौहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में की एक ही परिवार के...

चौहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में की एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है।

जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में अज्ञात लोगों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपित सोनसाय कश्यप का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या की थी, जिसके मामले में वह आजीवन कारावास की सजा काट चुका है।

करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा होने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। मृतक की शिकायत पर पहले भी आरोपित के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी।

पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस चौहरे हत्याकांड ने पूरे जांजगीर-चांपा जिले को झकझोर कर रख दिया है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments