HomeHealth & Fitnessबलरामपुर : फर्जी दस्तावेजों से सीआरपीएफ में नौकरी, बर्खास्त आरक्षक गिरफ्तार, खुला...

बलरामपुर : फर्जी दस्तावेजों से सीआरपीएफ में नौकरी, बर्खास्त आरक्षक गिरफ्तार, खुला बड़ा फर्जीवाड़ा

बलरामपुर। कूटरचित निवास प्रमाण पत्र बनवाकर सीआरपीएफ में भर्ती होने वाले एक बर्खास्त आरक्षक को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बलरामपुर निवासी बनकर नौकरी हासिल करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को तहसीलदार बलरामपुर द्वारा थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ करनपुर जगदलपुर में पदस्थ कांस्टेबल सुमित ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से विशाल सोनी के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों में कूट रचना कर अपने नाम से स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र जारी कराया था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोप‍ित ने इसी फर्जी निवास प्रमाण पत्र का उपयोग सीआरपीएफ में कांस्टेबल पद पर भर्ती के लिए किया था। शिकायत के आधार पर थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 78/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान आरोपित द्वारा कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर निवास प्रमाण पत्र बनवाने और सरकारी नौकरी प्राप्त करने के पर्याप्त साक्ष्य मिले। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आज गुरूवार को 204 कोबरा बटालियन सीआरपीएफ करनपुर, जगदलपुर से आरोपित को विधिवत बर्खास्तगी के बाद अभिरक्षा में लेकर थाना बलरामपुर लाया गया।

पूछताछ में आरोपित ने फर्जी तरीके से बलरामपुर का निवास प्रमाण पत्र बनवाकर सीआरपीएफ में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपिताें की तलाश जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments