Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नासिरगंज में आज रात निकलेगी 9वीं मोहर्रम का जुलूस:अज़ादार दहकते अंगारों पर...

नासिरगंज में आज रात निकलेगी 9वीं मोहर्रम का जुलूस:अज़ादार दहकते अंगारों पर करेंगे ‘आग का मातम’


श्रावस्ती के नासिरगंज कस्बे में मोहर्रमुल हराम के पारंपरिक जुलूसों के क्रम में आज रात 9 मोहर्रम का मुख्य जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान अज़ादार दहकते अंगारों पर चलकर ऐतिहासिक ‘आग का मातम’ करेंगे। अंजुमन और स्थानीय अज़ादारों ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंजुमन द्वारा जारी कार्यक्रम सूची के अनुसार, यह पांचवां जुलूस गुरुवार रात करीब 9:00 से 10:00 बजे के बीच मुख्य हुसैनिया इमामबाड़े से पूरी अक़ीदत के साथ शुरू होगा। दुलदुल और परचम मुबारक के साये में यह जुलूस मातमी धुनों और नौहाख्वानी के बीच नासिरगंज के मुख्य बाजार सहित विभिन्न निर्धारित मार्गों से गुजरेगा। जुलूस शिया व सुन्नी समुदाय के घरों से होता हुआ नाज़िम हैदर के निवास स्थान पर पहुंचेगा, जहां संक्षिप्त मजलिस और नौहाख्वानी होगी। इसके बाद यह बरडेहरा बदला हाईवे मार्ग से होकर पुनः मुख्य इमामबाड़ा हुसैनिया के प्रांगण में दाखिल होगा। देर रात करीब 2:00 से 3:00 बजे के बीच अज़ादारों द्वारा दहकते हुए अंगारों पर ‘आग का मातम’ किया जाएगा। यह नासिरगंज की अज़ादारी की एक महत्वपूर्ण और पुरानी परंपरा है। इसी दौरान सभी अज़ादार अपनी-अपनी ताजिया को निर्धारित स्थलों पर रखेंगे। 9 मोहर्रम के इस संवेदनशील और बड़े जुलूस के मद्देनजर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए पूरे मातमी रूट और इमामबाड़े के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments