बहराइच के बौंडी क्षेत्र में चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना बौंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपए के इनामी गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी खैरा बाजार से आगे कुदाई मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घायल बदमाश की हुई पहचान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी ग्राम सारी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में हुई है। असलम थाना फखरपुर से वांछित गैंगस्टर था और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार असलम थाना रामगांव का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथियों में एक की पहचान फिरोज निवासी थाना बौंडी क्षेत्र के रूप में हुई है। नकदी, जेवर और तमंचा बरामद तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 हजार रुपए नकद, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, आठ बिछिया, एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
25 हजार का इनामी गैंगस्टर के पैर में मारी गोली:बहराइच में मुठभेड़ के दौरान दो साथी मौके से फरार, नकदी और जेवर बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












