गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक सड़क हादसा हुआ। विशेश्वरगंज स्थित यादव ढाबा के पास एक तेज रफ्तार एचपी गैस वाहन ने सामने से आ रही बोलेरो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बोलेरो में सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बोलेरो (यूपी-43 एएच-8467) बहराइच की ओर से आ रही थी, जबकि एचपी गैस वाहन गोंडा की दिशा में जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद गैस वाहन का चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विशेश्वरगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा ने बताया कि घायलों में चांदनी सिंह, सतीश कुमार दुबे, रोशनी और सालू सिंह सहित कुल सात लोग शामिल हैं। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार गैस वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गोंडा-बहराइच हाईवे पर गैस वाहन और कार की टक्कर:सात लोग घायल, पुलिस ने जांच शुरू की
RELATED ARTICLES












