शोहरतगढ़ के शिव नगर वार्ड नंबर 9 में 25 मई 2026, सोमवार को एक विशाल बकरा मंडी का आयोजन किया गया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने इस अस्थायी मंडी की अनुमति दी है, जो क्षेत्र के पशुपालकों और खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस मंडी में केवल शोहरतगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे सेमरा, महथा, नहरी, मड़वा और महदेवा से भी बड़ी संख्या में लोग अपने बकरे लेकर पहुंचे। नहरी के इस्लाम का 35,000 रुपये का जमुना पारी बकरा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंडी में सैकड़ों पशुओं की आवाजाही देखी जा रही है और बिक्री भी जोरों पर है। खरीदार मोल-भाव में जुटे हैं। औसतन एक बकरे की कीमत उसकी देशी नस्ल और वजन के अनुसार 8,000 से 35,000 रुपये तक लगाई जा रही है। स्थानीय पशुपालकों मोहम्मद सलीम, शबान, रूस्तम, अहमद हुसैन, जमशेद और रफीक शाह ने बताया कि मौसम साफ होने और अच्छी मांग के कारण ग्रामीण इलाकों से लोग बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में यहां आ रहे हैं। मंडी के कारण शिव नगर वार्ड में जाम और गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए नगर पंचायत के अधिकारियों ने पूर्ण सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है। शिव नगर की यह मंडी सप्ताह में दो दिन लगती है, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
शोहरतगढ़ शिव नगर में बकरा मंडी सजी:आगामी त्योहारों के लिए उमड़ी खरीदारों और पशुपालकों की भीड़
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












