#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के नगर पंचायत रुधौली के गांधीनगर वार्ड स्थित मिश्रा मार्केट में मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लगभग 40 से 50 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर, स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे आग को और फैलने से रोका जा सका। सूचना मिलने पर पीआरबी 112 और रुधौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। अग्निशमन विभाग के प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद सिंह राणा ने बताया कि आग बुझाने में स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा। उनकी मदद से एक बड़ी घटना को गंभीर रूप लेने से रोका जा सका। घटना के कुछ ही देर बाद प्रैक्सिस विद्यापीठ रुधौली के डायरेक्टर सुशांत कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित दुकानदार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्थानीय लोगों से यथासंभव मदद करने की अपील की। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रुधौली के इलेक्ट्रॉनिक दुकान में आग:शॉर्ट सर्किट से 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












