संत कबीर नगर, प्रहलाद राय बनारसी लाल बालिका विद्यालय में आयोजित 10 दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का समापन 1 अगस्त 2026, शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पवन छापडिया जी तथा विशिष्ट अतिथि विजय कृष्ण ओझा जी एवं चन्द्रमौलि त्रिपाठी जी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पवन छापडिया जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन मंत्र तथा सरस्वती वंदना आकांक्षा त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दीपिका चौरसिया एवं वैष्णवी सिंह ने मधुर गीत प्रस्तुत किए। शिविर में सीखे गए अनुभवों को कृतिका, आरोही, वैष्णवी, दीपिका आदि छात्राओं ने मंच पर साझा किया। सहायिका शिक्षिका सोनम तिवारी जी ने भी संस्कृत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विशिष्ट अतिथि विजय कृष्ण ओझा चन्द्रमौलि त्रिपाठी एवं मुख्य अतिथि पवन छापडिया जी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति और पहचान की आधारशिला है। बच्चों को संस्कृत बोलने और समझने का प्रयास अवश्य करना चाहिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी जी ने शिविर संयोजिका तथा सहायिका शिक्षिका सोनम तिवारी के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा केवल शास्त्रों की भाषा नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और चरित्र निर्माण की भाषा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य शिक्षिका आकांक्षा त्रिपाठी जी ने ऐक्यमंत्र एवं शांति मंत्र का उच्चारण करके शिविर का समापन घोषित किया। अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।












