#बस्ती_न्यूज
बस्ती के कलवारी क्षेत्र में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र का मौसम बदल गया। रातभर और मंगलवार सुबह तक रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण क्षेत्र के तापमान में लगभग 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। लगातार पड़ रही उमस और गर्म हवाओं से लोग दिन-रात परेशान थे। रात में भी गर्मी के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही थी, लेकिन बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई। सुबह के समय चली ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही से वातावरण में शीतलता बनी रही। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश खरीफ सीजन की फसलों, विशेषकर धान की खेती के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगी। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को इससे फायदा हुआ है। पर्याप्त नमी मिलने से खेतों की तैयारी आसान हो गई है और धान की नर्सरी के साथ-साथ रोपाई का कार्य भी तेजी से शुरू हो गया है। कलवारी क्षेत्र के कनैला, सोनबरसा, उमरिया, नौली, अगौना, कुसौरा सहित आसपास के कई गांवों में किसान खेतों में उतर गए हैं। कहीं ट्रैक्टर से खेतों की जुताई हो रही है तो कहीं महिलाएं और किसान धान की रोपाई में जुटे हुए हैं। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही तो धान की फसल बेहतर होगी और उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है। मौसम में आए इस बदलाव से आमजन और किसानों दोनों को राहत मिली है। लोगों को उम्मीद है कि मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होगा और आगे भी नियमित वर्षा होती रहेगी, जिससे खेती-किसानी के साथ-साथ पेयजल संकट से भी राहत मिलेगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
कलवारी में झमाझम बारिश, मौसम का मिजाज बदला:भीषण गर्मी से राहत मिली, धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












