ललितपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जनपद में हीट वेव (लू) के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज में हीट वेव प्रभावित मरीजों के लिए अलग से विशेष वार्ड बनाया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार वार्ड में आवश्यक दवाइयों, बेड, कूलिंग व्यवस्था एवं चिकित्सा उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि लू से प्रभावित मरीजों का तुरंत उपचार किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, सिर को ढककर रखने एवं बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
बॉक्स
ललितपुर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य मयंक शुक्ला का कहना है कि…. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल पूरी तरह तैयार है तथा हीट वेव (लू) के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।












