बदायूं। अमन कमेटी ककराला के तत्वावधान में आयोजित इस्लाह-ए-मुआशरा (समाज सुधार) विषयक भव्य आम जलसा एवं सम्मान समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोगों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुफ्ती मिन्हाज कासमी ने की, जबकि सरपरस्ती हाजी साजिद ठेकेदार ने निभाई। मुख्य अतिथि एवं मेहमान ए खुसूसी के रूप में हजरत मौलाना इनाम अहमद, कासगंज ने शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में समाज सुधार, इस्लामी शिक्षा, भाईचारे तथा सादगीपूर्ण जीवनशैली को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि समाज की वास्तविक तरक्की अच्छे अखलाक और नेक किरदार से ही संभव है।
विशिष्ट वक्ता डॉ. इत्तेहाद आलम ने युवाओं को शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़े तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी एवं अधिवक्ता एडवोकेट सलीम उद्दीन ने समाज में एकता, आपसी सद्भाव तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहलू वह रहा जब 31 नौजवानों को सादगीपूर्ण निकाह करने पर सम्मानित किया गया। इन युवाओं को सम्मानित कर समाज के समक्ष एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया तथा दहेज, दिखावा और फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध एक सशक्त संदेश दिया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।












