#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में रविवार को लालगंज महादेवा मार्ग पर अवैध मिट्टी खनन का कार्य धड़ल्ले से जारी है। खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग कर बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। खुदाई की गई मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा रहा है। यह गतिविधि खुलेआम चल रही है, जिससे स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इस अवैध खनन के कारण सड़कों पर धूल का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इससे राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण श्वास संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। राहगीरों कमलेश, रवि सोनकर, रविन्द्र, रामदेव ,हरीश कुमार,का कहना है कि खनन माफिया किस आधार पर यह कार्य कर रहे हैं, यह समझ से परे है। वे पुलिस प्रशासन और खनन विभाग के अधिकारियों की कथित लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाना मुश्किल हो रहा है। सीओ रूधौली कुलदीप सिंह ने भी जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों से जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में खनन विभाग के अधिकारी प्रशांत यादव ने बताया कि सड़क पर आवागमन को लेकर लोगों को परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
लालगंज में अवैध मिट्टी खनन जारी:धूल से लोग परेशान, विभाग ने जांच का आश्वासन दिया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












