लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र-2026 की शुरुआत 3 अगस्त से होने जा रही है। सत्र के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 3 अगस्त से विधानसभा सत्र समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, विधानसभा, राजभवन, हजरतगंज, जीपीओ और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सामान्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इन मार्गों से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रूट से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा।
बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन, डीएसओ, हजरतगंज, जीपीओ और विधानसभा की ओर जाने वाले वाहन लालबत्ती चौराहा, कैंट, गोल्फ क्लब या 1090 चौराहे के रास्ते भेजे जाएंगे। वहीं डीएसओ चौराहे से हजरतगंज और विधानसभा की ओर जाने वाले वाहन पार्क रोड और मेफेयर तिराहे से होकर गुजरेंगे।
रॉयल होटल चौराहे से विधानसभा के सामने होकर हजरतगंज जाने पर भी रोक रहेगी। इस मार्ग के वाहन कैसरबाग, परिवर्तन चौक, चिरैयाझील, बर्लिंग्टन चौराहा और कैंट के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
महानगर, चारबाग और गोमतीनगर की ओर से आने वाली रोडवेज और सिटी बसों के रूट भी बदल दिए गए हैं। इन बसों को विधानसभा और हजरतगंज की बजाय बैकुंठ धाम, 1090 चौराहा, चिरैयाझील, कैसरबाग और कैंट जैसे वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा सिकंदरबाग, परिवर्तन चौक, हिंदी संस्थान तिराहा और डीएसओ चौराहे से विधानसभा की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को भी विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को चिकित्सकीय अथवा आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के 9454405155 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे विधानसभा सत्र के दौरान यात्रा से पहले डायवर्जन की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।












