ब्लॉक के भरौली डीह क्षेत्र में मंगलवार रात अवैध रूप से मिट्टी खनन में लगे एक डंपर ने लापरवाही के चलते 11 हजार वोल्ट की हाईवोल्टेज बिजली आपूर्ति का तार तोड़ दिया। ‘घर भोजन’ के मकान के पास हुई इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। गनीमत रही कि तार टूटकर गिरते समय उसकी चपेट में कोई नहीं आया, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया। हाई वोल्टेज तार टूटने के कारण भरौली डीह से लेकर अमन चौराहा तक के सैकड़ों उपभोक्ता अंधेरे में डूब गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत भरौली के प्रधान विजय पाठक ने तत्काल मौके पर सक्रियता दिखाई और अवैध खनन कर रहे लोगों से संपर्क किया। पूछताछ और विरोध के बाद खननकर्ताओं ने अपनी गलती स्वीकारते हुए आश्वासन दिया है कि वे एक-दो घंटे के भीतर निजी स्तर पर बिजली के तार की मरम्मत करवाकर आपूर्ति बहाल करा देंगे। आंधी की मार से अभी संभले ही थे कि डंपर ने फिर बढ़ा दी मुसीबत स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली संकट पीछा नहीं छोड़ रहा है। हाल ही में आए आंधी-पानी के कारण एक बिजली का खंभा टूट गया था, जिसके चलते ग्रामीणों को लगातार 10 दिनों तक बिना बिजली के अंधेरे में रहना पड़ा था। उस समय भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश पाठक के विशेष प्रयासों और नेतृत्व में कड़ी मशक्कत के बाद मरम्मत कार्य पूरा हुआ और बिजली बहाल हो सकी थी। लेकिन आपूर्ति सुचारू होने के महज चार-पांच दिन बाद ही खनन माफियाओं की इस करतूत ने लोगों को फिर से बड़ी परेशानी में डाल दिया है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
बढ़नी में अवैध मिट्टी खनन का कहर:डंपर ने तोड़ा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार, भरौली डीह से अमन चौराहे तक बत्ती गुल
RELATED ARTICLES












