सिद्धार्थनगर जनपद के खुनियांव ब्लॉक सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में प्रधानों ने हिस्सा लिया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। प्रधानों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराए जाते हैं, तो उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए अथवा उन्हें ही प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी जाए। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने की। मुख्य अतिथि संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने बताया कि आगामी 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि ऐसी स्थिति में यदि समय से चुनाव नहीं हो पाते हैं, तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि ग्राम प्रधान गांवों में सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करने और शासन-प्रशासन के साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को सफल बनाने में प्रधानों ने पूरी निष्ठा से सहयोग किया है। इसलिए सरकार को चाहिए कि चुनाव न होने की स्थिति में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रशासक नियुक्त करने के बजाय वर्तमान प्रधानों को ही यह जिम्मेदारी सौंपे। बैठक समाप्त होने के बाद सभी ग्राम प्रधान खुनियांव ब्लॉक कार्यालय परिसर में इकट्ठा हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन बीडीओ विजय सिंह एवं एडीओ आशुतोष मिश्रा को सौंपा गया। इस अवसर पर व्यासजी पाण्डेय, विमल यादव, महेश कुमार, विनोद कुमार, तेज प्रताप, पप्पू, सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
खुनियांव में प्रधानों ने उठाई प्रशासक बनाने की मांग:चुनाव न होने पर कार्यकाल को बढ़ाने पर की बैठक, ADO और BDO को सौंपा ज्ञापन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












