सिद्धार्थनगर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 115 वाहनों का चालान किया गया और 1.38 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। यह अभियान क्षेत्राधिकारी यातायात सुजीत राय और प्रभारी यातायात अमरेश कुमार के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर घंटों चला। साड़ी तिराहा, पावर हाउस तिराहा, सिद्धार्थ तिराहा और पेट्रोल पंप तिराहा जैसे कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले युवकों और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों पर विशेष शिकंजा कसा। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने और गलत दिशा में चलने वालों पर सर्वाधिक कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगे तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, क्योंकि ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। वहीं, शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक का चालान किया गया, जिसे अधिकारियों ने लोगों की जान से खिलवाड़ बताया। ट्रैफिक पुलिस ने पीए सिस्टम के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े बड़े वाहनों को भी हटवाया गया, जो जाम और दुर्घटना की आशंका पैदा कर रहे थे। ऐसे वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस एक्शन की 3 तस्वीरें… 115 वाहनों का चालान, 1.38 लाख रुपये वसूले
पूरे अभियान के दौरान कुल 115 वाहनों का चालान करते हुए 1 लाख 38 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। ट्रैफिक पुलिस की अचानक हुई सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति दिखाई दी। कई लोग पुलिस को देखकर रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कई वाहन चालक मौके पर ही हेलमेट और सीट बेल्ट लगाते दिखे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।












