संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के आदेश के क्रम में आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना महुली परिसर में थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सभी डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया तथा रेड कार्ड नोटिस वितरित करते हुए निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित सभी नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
डीजे संचालकों को बताया गया कि डीजे की ऊँचाई, चौड़ाई एवं ध्वनि स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखा जाए। किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे या आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे वाहनों पर ओवरलोडिंग, खतरनाक स्टंट अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूर्ण पालन किया जाए तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विद्युत तारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया।
थाना महुली पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं अनुशासन का पर्व है। यात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी डीजे संचालकों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया।
थाना महुली पुलिस की अपील :
“कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराएं। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।”












