*मतदेय स्थलों के सम्भाजन हेतु समस्त बूथों का भौतिक सत्यापन करायें उपजिलाधिकारी-जिला निर्वाचन अधिकारी*
श्रावस्ती, 03 जुलाई, 2026। सू0वि0। जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के साथ पुनरीक्षण से पूर्व मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उन्होने आयोग द्वारा मतदेय स्थल सम्भाजन के सम्बन्ध में निर्गत निर्देश की विस्तृत जानकारी दी। समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को वर्तमान मतदेय स्थलों की सूची और 1200 से अधिक मतदाता वाले बूथों की सूची उपलब्ध करायी गयी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुर्ननिर्धारण एवं नये मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु भवनों का चिन्हांकन दिनांक-24.06.2026 से 28.06.2026 तक किया गया है। आपत्तियां एवं सुझावों हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन दिनांक-04 जुलाई, 2026, मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने की तिथि दिनांक-04 जुलाई, 2026, वर्तमान संसद सदस्यों, विधानसभा सदस्यों तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठकों के आयोजन के पश्चात शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को अन्तिम रूप दिया जाना दिनांक-18 जुलाई, 2026 है। इसके उपरान्त मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन की कार्यवाही 24 जून 2026 से प्रारंभ है। भौतिक सत्यापन के दौरान ऐसे मतदेय स्थलों का सम्भाजन मतदेय स्थल भवन तथा उससे सम्बद्ध किये जाने वाले निर्वाचक नामावली के सुसंगत भाग के शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के बाद किया जायेगा। जिसमें भवन के सत्यापन के साथ-साथ यह भी देखा जायेगा कि उस मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली में अंकित मतदाताओ का निवास उस भवन के आस-पास भौतिक रूप से हो। उन्होंने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी मतदेय स्थलों के सम्भाजन हेतु समस्त बूथों का भौतिक सत्यापन समय से करायें । उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों से इस संभाजन कार्य में सहयोग हेतु अपील किया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, उप जिलाधिकारी भिंगा आशीष भारद्वाज, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कैराती, जिला उपाध्यक्ष अरुण पाण्डेय, कांग्रेस से यशोदा नंदन शर्मा, बसपा से राजेश कुमार गौतम, दिनेश गौतम, जिलाध्यक्ष सपा सर्वजीत यादव, वरिष्ठ सहायक प्रतिभा पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।












