मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष रामनरेश सिंह (76वर्ष) का सोमवार की शाम बीमारी के चलते एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहनलालगंज नगर पंचायत के बक्खाखेड़ा निवासी रामनरेश सिंह वर्ष 1975 से अधिवक्ता के रूप में न्यायिक कार्य कर रहे थे। वह मोहनलालगंज तहसील बार एसोसिएशन के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे और तीन बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे।
निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं क्षेत्रीय लोग उनके बक्खाखेड़ा स्थित आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।वरिष्ठ अधिवक्ता रामनरेश सिंह अपने पीछे पत्नी अंजनी सिंह, पुत्र अनुराग सिंह और पुत्री श्वेता सिंह को छोड़ गए हैं। उनके निधन से अधिवक्ता समाज ने एक अनुभवी और वरिष्ठ साथी खो दिया।












