नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह न्यूजीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस यात्रा की पुष्टि करते हुए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खुशी जताई और कहा कि भारत उनके देश की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि दोनों देशों के संबंध तेजी से नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं और हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को आॅकलैंड पहुंचेंगे और 11 जुलाई को स्वदेश लौटेंगे। उनकी यह यात्रा भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते के करीब दो महीने बाद हो रही है। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और बाजार पहुंच को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय निर्यात पर लगने वाले शुल्क समाप्त किए गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
कृषि क्षेत्र में भी दोनों देशों ने सेब, कीवी, मनुका शहद, बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन और वानिकी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई है। दोनों देशों को उम्मीद है कि यह साझेदारी व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगी।












