Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती के अजमत के सिर पर चोट के निशान:पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्लॉटिंग...

बस्ती के अजमत के सिर पर चोट के निशान:पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्लॉटिंग मिली, हत्या की आशंका बढ़ी

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के रेडवल शवदाह स्थल के पास झाड़ियों में मिले 35 वर्षीय अजमत अली की मौत का रहस्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद और गहरा गया है। पोस्टमार्टम में अजमत के सिर के बीचोंबीच गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। चोट वाली जगह पर खून का थक्का (क्लॉटिंग) भी मिला है। प्रारंभिक जांच में यह चोट किसी डंडे या भारी वस्तु से लगने की संभावना जताई जा रही है। इन गंभीर चोटों के कारण अजमत की मौत को लेकर हत्या की आशंका अब और प्रबल हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को अजमत का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर गोरखपुर चले गए। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच तथ्यों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट करने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, अजमत शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। उसी दिन शाम करीब छह बजे उसका शव छावनी थाना क्षेत्र में रेडवल शवदाह स्थल के पास झाड़ियों में मिला था। शव के मुंह से झाग निकल रहा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, अजमत मूल रूप से गोरखपुर के रायगंज का रहने वाला था। लगभग पांच वर्ष पहले उसने छावनी क्षेत्र के अमोढ़ा निवासी अपने मामा जल्ला की बेटी से निकाह किया था। नशे की लत और पारिवारिक विवाद के चलते करीब दो माह पहले उसका पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद वह अमोढ़ा निवासी अपने दूसरे मामा यूनुस के घर रह रहा था। सिर पर मिली गंभीर चोट ने अब इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अजमत के सिर में चोट कैसे लगी और वह झाड़ियों तक कैसे पहुंचा। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और उसके साथ आखिरी बार मौजूद लोगों की जानकारी भी जांच का अहम हिस्सा है। थानाध्यक्ष छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular