#बस्ती_न्यूज
बस्ती के हरैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ। मुठभेड़ के बाद पांच शातिर चोर गिरफ्तार किए गए। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, दो बाइक, चार मोबाइल, अवैध तमंचा और चोरी के औजार बरामद किए हैं। हरैया थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान तीन आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया, जबकि दो आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकले। भागते समय कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथी को भी मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है। सभी आरोपी सीतापुर जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 33 ग्राम सोने और 1.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 32,200 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 7.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मजदूर बनकर नए क्षेत्रों में पहुंचते थे और रात में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने के बाद तुरंत ठिकाना बदल देते थे। एसपी ने बताया कि यह गिरोह हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों समेत कई स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस सफल कार्रवाई पर हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश:मुठभेड़ के बाद 5 गिरफ्तार, 7.5 लाख के जेवर और नकदी बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












