बदायूं। शहर के मोहल्ला सोथा निवासी परवेज खान अपनी शानदार अदाकारी के चलते लोगों के बीच खास पहचान बना चुके हैं। अमिताभ बच्चन की अदाकारी के अंदाज से प्रभावित परवेज खान को लोग प्यार से ‘जूनियर अमिताभ बच्चन’ के नाम से भी जानते हैं। उनकी कलाकारी और अभिनय लोगों के दिलों को छू लेता है। परवेज खान को अभिनय का हुनर विरासत में मिला है। उनके बड़े भाई फिरोज खान भी ‘जूनियर अमिताभ बच्चन’ के नाम से काफी चर्चित रहे और उन्होंने कई फिल्मों के साथ-साथ टीवी सीरियल में भी अभिनय किया। बड़े भाई के निधन के बाद परवेज खान ने अभिनय के इस सिलसिले को आगे बढ़ाया और अपनी प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बनाई।
आज सोशल मीडिया के दौर में परवेज खान अपनी अदाकारी के जरिए लगातार लोगों तक पहुंच बना रहे हैं। ‘परवेज खान ऑफिशियल’ नाम से उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनय से जुड़ी वीडियो और रील्स लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। उनकी अदाकारी को देखने वाले लोग उनकी प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं। वहीं परवेज खान के पुत्र उमैर खान भी कम उम्र में ही अपनी कलाकारी से लोगों के दिलों में जगह बना रहे हैं। Zampo नाम के अकाउंट पर उमैर अपनी कलाकारी और अभिनय से जुड़ी रील्स पोस्ट करते हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इस तरह परवेज खान और उनके पुत्र उमैर खान सोशल मीडिया के माध्यम से अभिनय की विरासत को आगे बढ़ाते हुए लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।












