HomeHealth & Fitnessकेजीएमयू : मुख रोग के प्रति किया पब्लिक को जागरूक

केजीएमयू : मुख रोग के प्रति किया पब्लिक को जागरूक

लखनऊ। मुख रोग आज भी विश्व भर में सबसे सामान्य दीर्घकालिक रोगों में शामिल हैं,जो लगभग 3.5 अरब लोगों को प्रभावित करते हैं। दंत क्षय, मसूड़ों के रोग,मुख कैंसर तथा दांतों का खोना,अधिकांश मुख रोगों की रोकथाम स्वास्थ्य शिक्षा,स्वस्थ जीवनशैली,शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के माध्यम से की जा सकती है। ये बातें डॉ.विनय कुमार गुप्ता,प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष,पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग ने कही।
WhatsApp Image 2026-06-19 at 5.56.14 PM
शुक्रवार को राष्ट्रीय पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री दिवस मनाया गया। डॉ.विनय कुमार ने बताया प्रतिवर्ष 19 जून को मनाया जाता है,जिसका उद्देश्य रोकथाम,स्वास्थ्य संवर्धन,अनुसंधान तथा सामुदायिक पहुंच गतिविधियों के माध्यम से जनसामान्य के मुख स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचान देना है।
डॉ.विनय ने बताया,पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग,किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय,द्वारा नेशनल पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री डे का आयोजन “ इंटीग्रेटेड टू एलीवेट – ओरल हेल्थ ऐज़ ए पिलर ऑफ पब्लिक हेल्थ ” थीम के अंतर्गत किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य मुख स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना, स्वस्थ व्यवहारों को प्रोत्साहित करना तथा समुदाय-आधारित निवारक दंत चिकित्सा के महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत स्नातक विद्यार्थियों के लिए एक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य भावी दंत चिकित्सकों के बीच पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री के कार्यक्षेत्र, महत्व एवं समकालीन भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। केजीएमयू रेडियो गूंज पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का प्रसारण किया गया, जिसमें डॉ. गौरव मिश्रा एवं डॉ. सिद्धार्थ जे. डेविड ने निवारक मुख स्वास्थ्य देखभाल, तंबाकू त्याग, सामुदायिक सहभागिता तथा व्यापक जन स्वास्थ्य पहलों में मुख स्वास्थ्य के एकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
केजीएमयू के मेडिकल एवं डेंटल ओपीडी में “मुख स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किए गए। इस दौरान रोगियों एवं उनके परिजनों को उचित मुख स्वच्छता उपायों, सामान्य मुख रोगों की रोकथाम, स्वस्थ खान-पान की आदतों, तंबाकू त्याग तथा नियमित दंत परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। शैक्षणिक संवादों के माध्यम से लोगों को अपने दैनिक जीवन में निवारक मुख स्वास्थ्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।    

 
 
 
 
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments