डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के खुनखुन चौराहा से महतिनिया को जोड़ने वाला पीडब्ल्यूडी मार्ग अब लोगों के लिए खतरे का सबब बन गया है। करीब आठ माह पहले इस सड़क का मरम्मत कार्य कराया गया था, जिसके तहत आबादी क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण भी किया गया था। लेकिन सड़क किनारे पटरी (साइड शोल्डर) न बनाए जाने से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार वासा दरगाह क्षेत्र में सीसी सड़क तो बना दी गई, लेकिन दोनों ओर पटरी नहीं छोड़ी गई। सड़क ऊंची होने के कारण जब भी चारपहिया वाहन गुजरते हैं, तो बाइक और साइकिल सवार असंतुलित होकर नीचे गिर जाते हैं, जिससे वे घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी दो हादसे हो चुके हैं, जिनमें एक व्यक्ति का पैर फ्रैक्चर हो गया था। इसके बावजूद अब तक कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। काजी अख्तर हुसैन, अदनान काजी, सब्बू काजी, जावेद अख्तर, इसरार अहमद सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क किनारे पटरी बना दी जाए तो दुर्घटनाओं में काफी कमी आ सकती है। उनका यह भी कहना है कि नई सड़क होने के कारण लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क किनारे पटरी का निर्माण कराया जाए, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और हादसों पर रोक लग सके।
खुनखुन चौराहा–महतिनिया मार्ग बना हादसों का रास्ता:पटरी न होने से बाइक-साइकिल सवार लगातार हो रहे घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












