#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में लक्ष्मण निषाद हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। जमीनी विवाद को लेकर हुई इस हत्या के मामले में प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रखौना चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। मेहनौना गांव में जमीन के बैनामे को लेकर चल रहा विवाद पहले रखौना चौकी पहुंचा था। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई नहीं की। बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा तो दर्ज किया गया, लेकिन नामजद आरोपितों के खिलाफ कोई निरोधात्मक कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते तो इस घटना को रोका जा सकता था। बताया गया है कि सोमवार रात करीब 11 बजे इसी जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें लक्ष्मण निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत को रखौना चौकी प्रभारी की भूमिका की प्रारंभिक जांच सौंपते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा है कि जांच में जिस स्तर पर भी लापरवाही या कर्तव्यहीनता सामने आएगी, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल हत्या के मामले की विवेचना के साथ-साथ अपनी कार्यप्रणाली की भी जांच कर रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
लक्ष्मण हत्याकांड: चौकी प्रभारी की जांच शुरू:पुलिस की लापरवाही के आरोप में एसपी ने दिए आदेश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












