Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में तेंदुए का हमला, दो ग्रामीण घायल:सागौन के बाग में बैठा...

श्रावस्ती में तेंदुए का हमला, दो ग्रामीण घायल:सागौन के बाग में बैठा था, वन विभाग की 3 टीमें तलाश में जुटीं


श्रावस्ती जिले के सिरसिया क्षेत्र स्थित घोलिया कला ओरी पुरवा गांव में बीते सोमवार तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण जख्मी हो गए। यह घटना गांव के उत्तर दिशा में स्थित सागौन के बाग में हुई। घायलों की पहचान जहीर पुत्र इद्रीश और नईमुद्दीन पुत्र देबई के रूप में हुई है। उन्हें भिनगा के संयुक्त जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत अब सामान्य है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। भिनगा के उप प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों ग्रामीण सागौन के बाग में बैठे तेंदुए के करीब पहुंच गए थे, जिसके कारण तेंदुआ आक्रामक हो गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में जहीर के माथे और पीठ पर, जबकि नईमुद्दीन के पैर, पीठ और कंधे पर पंजों से खरोंचें आई हैं। मानव-वन्यजीव संघर्ष को नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्रभागीय वनाधिकारी श्रावस्ती, धनराज मीना के निर्देश पर पांच-पांच सदस्यीय तीन टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को क्षेत्र में तैनात किया गया है, जो की लगातार गश्त कर रही हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रही हैं। हालांकि अभी तक तेंदुआ वन विभाग की पकड़ से बाहर है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे समूह में ही बाहर निकलें, रात में टॉर्च या मोबाइल फ्लैशलाइट और लाठी का प्रयोग करें। उन्हें घने और अंधेरे रास्तों से बचने, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर उससे छेड़छाड़ न करने और तुरंत वन चौकी, रेंज कार्यालय या कंट्रोल रूम को सूचना देने का आग्रह किया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। तेंदुआ फिलहाल वन विभाग की निगरानी में है और उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई जारी है। क्षेत्रवासियों से अफवाहों से बचने और घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments