बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में तेंदुए का आतंक जारी है। मंगलवार सुबह दो शावकों के साथ तेंदुआ दिखाई देने के बाद से वन विभाग और पुलिस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं, लेकिन चार दिन बाद भी तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ लगातार अलग-अलग स्थानों पर देखा जा रहा है। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खेतों या घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने शुरुआत में जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। तेंदुआ लगातार अपना स्थान बदल रहा है, जिससे उसे ट्रैक करना मुश्किल हो रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, डीएफओ सुंदरेश कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया और टीम को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार दोपहर बताया कि बीती रात तेंदुआ फिर दिखाई दिया था, लेकिन टीम के सक्रिय होने से पहले ही वह वहां से चला गया। फिलहाल, तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजड़े लगाए गए हैं और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दे रही है।
बहराइच में 4 दिन से तेंदुआ पकड़ से बाहर:दो शावकों संग दिखा, वन विभाग ने लगाए पिंजड़े और कैमरे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












