Homeजिला / लोकल (Local News)लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: 15 बच्चों की मौत, एसी कंप्रेसर फटने से...

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: 15 बच्चों की मौत, एसी कंप्रेसर फटने से फैली आग, रेस्क्यू जारी


लखनऊ। राजधानी के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एमएस-102 में हेड एंड हॉपर्स एनीमेशन एंड गेमिंग जोन में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे भीषण आग लग गई। यह कोचिंग सेंटर दूसरी मंजिल पर स्थित था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण एसी कंप्रेसर फटना बताया जा रहा है, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में घना धुआं फैल गया।
धुआं भरते ही अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। सांस लेना मुश्किल हो गया और कई छात्र बाहर निकलने का रास्ता ढूंढते रहे। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कुछ छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी, जबकि कुछ लोग खिड़कियों और एसी की पाइप/तारों के सहारे बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। कई छात्रों ने खुद को बचाने के लिए बाथरूम में शरण ली, लेकिन वहां भी धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा।
इस दर्दनाक हादसे में 14 बच्चों की जिंदा जलकर मौत की पुष्टि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और बताया कि इमारत के अंदर चारों तरफ धुआं ही धुआं था। कई शवों को उन्होंने स्वयं देखा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आसपास की इमारतों और छतों का इस्तेमाल करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बगल के मकान की छत से दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की गई। अब तक करीब 10 लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि कई अन्य के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिल्डिंग के नीचे टायर की दुकान होने की भी बात सामने आई है, जिससे आग और तेजी से फैल गई और स्थिति और गंभीर हो गई। कुछ छात्रों ने कांच तोड़कर और ऊंचाई से कूदकर जान बचाने की कोशिश की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है और मृतकों व घायलों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजन अपने बच्चों की तलाश में अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments