Homeजिला / लोकल (Local News)लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: भीषण आग में अफरा-तफरी,14 छात्रों की मौत, बचाव...

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: भीषण आग में अफरा-तफरी,14 छात्रों की मौत, बचाव कार्य जारी


लखनऊ । राजधानी के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरी इमारत में तेजी से धुआं भर गया, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 14 बच्चों की मौत की सूचना सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। राहत और बचाव कार्य के लिए हाइड्रोलिक उपकरणों और आसपास की इमारतों की छतों का सहारा लेकर रेस्क्यू किया जा रहा है।
अब तक करीब 10 घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। मौके पर पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी Rajeev Krishna, प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद, लखनऊ के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज और जांच के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत से अचानक धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई लोगों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ छात्र गंभीर रूप से झुलस गए और कई अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत कार्य लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments