पड़रियातुला-खीरी। भीरा क्षेत्र के भवानीपुर गांव में युवक मुनीश की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना सामने आने के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।
सुबह हुआ विवाद, फिर अचानक गायब हो गया मुनीश
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार सुबह घर के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद मुनीश अचानक लोगों की नजरों से गायब हो गया। परिवार की ओर से भी किसी को कोई जानकारी नहीं दी गई।
15 घंटे तक किसी को नहीं लगी भनक
सबसे हैरानी की बात यह रही कि करीब 15 घंटे तक घर में शव पड़ा रहा, लेकिन गांव वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी। आसपास के लोगों को सामान्य माहौल दिखता रहा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।
शव की जगह बदलने की चर्चा
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि शक से बचने के लिए शव को घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर रखा गया। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है कि आखिर घटना को इतने समय तक छिपाने में किस-किस की भूमिका रही।
देर रात ग्रामीणों को हुआ शक
जब मुनीश काफी देर तक दिखाई नहीं दिया और मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका, तब ग्रामीणों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना मिलने पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की।
पुलिस की तलाशी के दौरान घर के अंदर से मुनीश का शव बरामद हुआ। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद मामला हत्या का निकला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पिता हिरासत में, परिजनों से पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
संघर्षों से चलता था परिवार।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। मुनीश मजदूरी कर घर चलाने में सहयोग करता था। किसी तरह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का गुजारा होता था।
हत्या के बाद पूरी तरह बिखर गया परिवार
मुनीश की मौत और पिता के जेल जाने के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों को सता रही भविष्य की चिंता।
गांव के लोग भी परिवार की हालत देखकर दुखी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में पहले ही मुश्किलों से चूल्हा जलता था, अब वहां आगे जीवन कैसे चलेगा, यही सबसे बड़ा सवाल बन गया है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके से मिले साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी।












